swadeshi jagran manch logo

श्रद्धेय दत्तोपंत ठेंगड़ी की स्मृति में जारी हुआ डाक टिकट

By admin • 18 Nov 2021
श्रद्धेय दत्तोपंत ठेंगड़ी की स्मृति में जारी हुआ डाक टिकट

भारतीय मजदूर संघ के संस्थापक दत्तोपंत ठेंगड़ी की 101वी जयंती के मौके पर केंद्रीय संचार एवं रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने डाक टिकट जारी किया। उनके साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के निवर्तमान सरकार्यवाह सुरेश (भैया जी) जोशी, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी भी शामिल हुई। केंद्रीय संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी  के कहने पर उन्होंने दत्तोपंत ठेंगड़ी की पुस्तकों का बड़ी गहनता से अध्ययन किया और पाया कि उनके  विचारों में अद्भुत दर्शन से अवगत होने को मौका मिला। उन्होंने कहा कि ठेंगड़ी की सोच किसी यूनिवर्सिटी में पढऩे से नहीं बल्कि व्यवहारिक जीवन की यूनिवर्सिटी में पढऩे से आएगी। 

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के निवर्तमान सरकार्यवाह सुरेश (भैया जी) जोशी ने कहा कि दत्तोपंत ठेंगड़ी के विचारों में स्पष्टता थी। ठेंगड़ी का चिंतन और दर्शन कार्यकर्ताओं के लिए सदैव प्रेरणादायी है। उनका मानना था कि संगठन मजदूरों के हित में काम करेगा, लेकिन मजदूर भी राष्ट्र हित में काम करेंगे। बंद और हड़ताल का वह बहुत ज्यादा समर्थन नहीं करते थे। चाहे कुछ मजबूरी हो मांग हमारी पूरी हो, की जगह पर उन्होंने कार्यकर्ताओं को राष्ट्र हित में एक परिवार के रूप में काम करने के विचार को प्रतिपादित किया।

भारतीय मजदूर संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष हिरण्मय जे.पण्डया ने कहा कि दत्तोपंत ठेंगड़ी के भाषण, लेख और संस्मरण के चलते वह हमेशा एक मार्गदर्शक के रूप में सदैव हमारे बीच में है। दत्तोपंत ठेंगड़ी ने 1955 में भारतीय मजदूर संघ की स्थापना की तो भारतीय किसान संघ, स्वदेशी जागरण मंच और कई संगठनों की स्थापना का श्रेय भी ठेगड़ी को जाता है। राज्यसभा में उनके दिए गए भाषण उनकी लिखी गई पुस्तकें वह सदैव हमारा मार्गदर्शन करती है।

भारतीय मजदूर संघ के दिल्ली प्रदेश के महामंत्री डॉ दीपेंद्र चाहर ने कहा कि यह कार्यकर्ताओं की इच्छा थी कि दत्तोपंत ठेंगड़ी की स्मृति में डाक टिकट जारी करने का कार्यक्रम विज्ञान भवन में आयोजित किया जाए। आज  भारतीय मजदूर संघ के कार्यकर्ता अपने आपको गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। इस मौके पर दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष अनीश मिश्रा सहित संगठन के सभी पदाधिकारी मौजूद रहे।

https://www.navodayatimes.in/news/national/ashwini-vaishnav-releases-postage-stamp-in-memory-of-dattopant-thengadi/185932/

More articles by admin