swadeshi jagran manch logo

अखिल भारतीय स्वदेशी संकल्प यात्रा

By Super • 20 Feb 2026
अखिल भारतीय स्वदेशी संकल्प यात्रा

स्वदेशी जागरण मंच के इतिहास की पहली ‘अखिल भारतीय स्वदेशी संकल्प यात्रा’ दिनांक 12 जनवरी 2026 को कन्याकुमारी स्थित विवेकानंद रॉक मेमोरियल में स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के अवसर पर प्रारंभ हुई। यात्रा को तमिलनाडू के नागरकोईल में आयोजित भव्य सभा में अखिल भारतीय सह संगठक श्री सतीश कुमार ने रवाना किया। इस अवसर पर मंच के राष्ट्रीय संयोजक श्री आर. सुन्दरम की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस यात्रा के पहले यात्री के रूप में नेतृत्व का दायित्व मंच के अखिल भारतीय पर्यावरण प्रमुख श्री दीपक शर्मा को प्रदान किया गया। उनके नेतृत्व में यह यात्रा केरल में 1000 किमी. व तमिलनाडू व पांडेचेरी में 2000 किमी. तक चली। 14 दिनों तक दक्षिण क्षेत्र में चली इस यात्रा में 56 स्थानों पर भव्य एवं यशस्वी कार्यक्रम संपन्न हुए। उल्लेखनीय कार्यक्रम शिवकाशी में 450 प्रमुख व्यापारियों के द्वारा यात्रा का स्वागत एवं भव्य सभा, त्रिची में 1000 नागरिकों के द्वारा स्वागत और सभा, जिसमें स्थानीय लोकसभा सांसद एवं प्रख्यात नेता वाईको के सुपुत्र के अलावा पंजावर मठ के पूज्य स्वामी जी भी उपस्थित रहे। यात्रा का आयोजन एक ऐसे आईटी स्टार्ट-अप ने किया, जिनके उपकरण चंद्रयान में काम कर रहे हैं। 

केरल के मल्लपुरम में व्यापारी सभा व त्रिवेन्द्रम में प्रबुद्धजन सभा एवं त्रिशूर की जनसभा उल्लेखनीय रही। इस यात्रा में केरल के तिरूनागपल्लम में मोटरसाईकिलों से 5 किमी. लंबी रेली निकाली गई। यात्रा को केरल के संत अद्वैत आश्रम के संत पूज्य चिदानंद पुरी जी महाराज ने भी सहभागिता की। 

इस यात्रा में उद्योगपति, किसान, व्यापारी, उद्यमी, युवा, महिलाएं, बुद्धिजीवी, वैज्ञानिक संस्थान, मेरीटाईम यूनिवर्सिटी, पत्रकार वार्ताएं, सांसद/निर्वाचित प्रतिनिधियों सहित विभिन्न वर्गां के कार्यक्रम संपन्न हुए। केरल व तमिलनाडू के समाचार पत्रों व टी.वी. चैनलों ने यात्रा को व्यापक कवरेज दिया। तमिलनाडू (उत्तर) के प्रांत संयोजक श्री शेषाद्री सुन्दरम (चेन्नई), प्रांत सह संयोजक सीए शेषाद्रि सुंदरम (सेलम), प्रांत पूर्णकालिक श्री भारत देवेन्द्र, तमिलनाडू (दक्षिण) के प्रांत संयोजक श्री षणमुगम सुंदरम्, पूर्णकालिक श्री उन्नीकृष्णन, तमिलनाडू (उत्तर-दक्षिण) के संगठक श्री सत्यनारायण, केरल प्रांत संयोजक श्री अनिल पिल्लई व पूर्णकालिक श्री पार्थ सरथी तथा श्रीकुमार कवील यात्रा में साथ रहे।

यात्रा का समारोप कार्यक्रम चेन्नै में हुआ। इस अवसर पर तमिलनाडू के महामहिम राज्यपाल श्री टी.एन. रवि, आई.आई.टी. मद्रास के डायरेक्टर पद्मश्री प्रो. वी. कामकोटि, श्री आर. सुन्दरम सहित भारी जनसमूह उपस्थित रहा। 

दक्षिण क्षेत्र में अनेक चुनौतियों के बावजूद कार्यकर्ताओं नें यात्रा को सफलता पूर्वक संपन्न करवाया। श्री दीपक शर्मा के नेतृत्व में संपन्न इस यात्रा ने दक्षिण क्षेत्र में स्वदेशी जागरणा मंच के कार्य को सफलतापूर्वक विस्तार दिया।

More articles by Super